विंध्याचल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सड़क मार्ग से मंगलवार की दोपहर 2:25 बजे शक्ति पथ पुरानी वीआईपी रोड से विंध्याचल पहुंची। यहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में मत्था टेका और दर्शन-पूजन कर लोकसभा चुनाव में जीत का आशीर्वाद मांगा। विंध्यधाम में प्रियंका गांधी अपनी गाड़ी से नीचे उतरीं तो समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए थे। लालरंग की साड़ी में प्रियंका का चेहरा भी धूप से लाल हो रहा था। वह सीधे गर्भ गृह पहुंचीं और विधि विधान से मां विंध्यवासिनी का पूजन किया। मां के चरणों में उन्होंने चुनरी और नारियल चढ़ाया। साथ ही धूप, अगरबत्ती और दीप से आरती की। गांधी परिवार के पुरोहित सुमित पांडेय ने पूजन कराया। इसके बाद प्रियंका गांधी ने मंदिर परिसर में ही विराजमान राधा कृष्ण मंदिर में अपने पुरोहित परिवार के सदस्यों के साथ कुछ पल बिताए और हाथ में कलावा बंधवाया। तीर्थ पुरोहित सुमित पांडेय ने बताया कि पहली बार मां के दरबार में आईं प्रियंका ने माता रानी से जीत का आशीर्वाद मांगा है। साथ ही मन्नत पूरी होते ही फिर से मां के दरबार में हाजिरी लगाने का वादा किया। मंदिर से बाहर निकलने के बाद प्रियंका ने बगल में ही प्रशासनिक भवन में बैठकर कुछ मिनट विश्राम किया। उसके बाद 3:10 बजे वह एक किलोमीटर दूर कंतित मजार के लिए रवाना हो गईं।