नरायनपुर। नरायनपुर से वाराणसी और अहरौरा-चुनार मार्ग पर चल रहे सवारी वाहनों के चालकों द्वारा मनमाने ढंग से किराया वसूल किए जाने से यात्रियों में आक्रोश व्याप्त है। किराया को लेकर रोजाना यात्रियों एवं वाहन चालकों के बीच झगड़ा होता रहता है। वाहन चालक डीजल-पेट्रोल के बढ़े मूल्यों का हवाला देते हुए किराया में इजाफा कर दिया था, लेकिन वर्तमान में डीजल का रेट घटने पर यात्री किराया नही घटाया गया, जिसका असर यात्रियों के जेब पर पड़ रहा है। 7बता दें कि नरायनपुर से अहरौरा व चुनार-वाराणसी मार्ग पर बड़ी संख्या में बड़े-छोटे सवारी वाहन धड़ल्ले से संचालित किए जा रहे हैं। अधिकांश सवारी वाहनों को अनट्रेंड चालक ही चला रहे हैं, वहीं ज्यादातर वाहन डग्गामार हो चुके हैं। मनमाना किराया लेने के साथ ही वाहन चालकों द्वारा वाहनों के अंदर अश्लील पोस्टर लगाकर तेज साउंड में अश्लील गाना भी बजाए जाने से छात्राओं एवं महिलाओं को यात्रा करना मुश्किल हो गया है। यात्रियों का आरोप है कि पिछले दिनो डीजल और पेट्रोल के दाम बढने पर चालको ने किराया तो बढा दिया, लेकिन रेट घटने पर किराया घटाया नही गया।