मिर्जापुर। जिला निर्वाचन अधिकारी बिमल कुमार दुबे ने निकाय चुनाव के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटो के साथ बैठक किया। उन्होंने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिशा निर्देश दिया। कहा कि निर्वाचक नियमावली का विधिवत अध्ययन कर लें, साथ ही बूथों का 15 नवंबर तक निरीक्षण करके तैयारियों को ससमय पूर्ण कराएं। जिससे नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी 28 नवंबर को होगी। सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सुनिश्चित करें कि पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गई हैं। साथ ही मतदान के दिन समय से मतदान शुरू और समाप्त कराएं। अधिकारी और कर्मचारी किसी भी दबाव में काम नही करें और न ही किसी के पक्ष में कार्य करें। संलिप्तता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को चुनाव की बारीकियां बताईं। इस दौरान सीआरओ वंश बहादुर, नगर मजिस्ट्रेट डीपी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।