मिर्जापुर। राजधानी लखनऊ में विगत 23 दिसंबर को आयोजित 14 वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के होनहार बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करके कई मेडल अपने नाम किए। नगर के मैथमैजिक सेंटर की संचालिका अर्चना खंडेलवाल द्वारा प्रशिक्षित बच्चों ने स्पर्धा में भाग लेकर अपने कौशल का परिचय दिया। जिले से गए आठ लेवल तक के करीब 11 बच्चों में से 10 बच्चों ने जीत हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। स्पर्धा के तहत सभी बच्चों को आठ मिनट के तय समय में दो सौ सवालों को हल करना था। जिसके तहत पांचवे लेवल में कक्षा तीन की सांन्वी अग्रवाल ने माड्यूल चैंपियन ट्राफी हासिल कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इसी क्रम में स्वरित मैनी, शिवांश वर्मा, रूद्रांश वर्मा, आद्या अग्रवाल, जीनत फातिमा, अथर्व सिंह, विख्यात भूटानी, नमन सिंह, स्पर्श मैनी, जुनैरा सागिर ने अपने-अपने लेवल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत हासिल की। मैथमैजिक सेंटर की संचालिका अर्चना खंडेलवाल ने सभी विजयी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।