मिर्जापुर। नगर क्षेत्र के लोहिया तालाब स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर प्राइमरी से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने चित्रकल व हस्तकला पर आधारित माडल बनाकर प्रदर्शनी लगाई। भव्य प्रदर्शनी के दौरान सभी ने बच्चों की प्रतिभा, कला-कौशल और कार्य कुशलता की सराहना की। गिज्मो आफ साइंस टेक्नोलाजी एंड आर्टस शीर्षक के तहत लगाई गई प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने साइंस-कंप्यूटर और टेक्नोलाजी पर आधारित माडल बनाकर भव्य प्रदर्शनी लगाई। डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के लोहिया तालाब ब्रांच के प्राइमरी से कक्षा 12 तक के बच्चों ने तीन ग्रुप में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। सभी ग्रुपों के निर्णायक मंडल में शशिबाला व दरक्षा, डा. रीतू दुुआ, नीतू गोयल, राहुल अग्रवाल एवं शिशिर अग्रवाल रहे। स्कूल के डायरेक्टर अमरदीप सिंह, अपराजिता सिंह, साहिबा सिंह व प्रधानाचार्य कंचन श्रीवास्तव ने अध्यापकों व बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कक्षा तीन, चार, पांच के बच्चों ने हेलीकाप्टर, हाइड्रोलिक ब्रिज, रूम हीटर, मैथ्स गेम्स, सेव रिवर, क्लीन इंडिया, लाइट हाउस आदि माडल प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीत लिया। प्रदर्शनी में आए हुए दर्शकों व अभिभावकों ने बच्चों की रचतात्मकता की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।