मिर्जापुर, ड्रमंडगंज। चौकी क्षेत्र के ड्रमंडगंज बाजार में गुरुवार की रात्रि लगभग 11बजे रामलीला मैदान में लगे दस केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लगने से पूरे गांव में हाईवोल्टेज करेंट दौड़ पड़ा। इससे पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। करेंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि छह से अधिक लोग झुलस गए। घटना से नाराज लोगों ने शुक्रवार की सुबह साढ़े नौ बजे मृतक का शव सड़क पर रखकर मिर्जापुर रीवा मार्ग को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम किए जाने की खबर लगते ही पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही से यह घटना घटी है। इसलिए विभागीय अधिकारी यहां आकर मृतक के परिजनों को मुआवजा दे तभी वह लोग जाम समाप्त करेंगे। इसके बाद निरीक्षक हलिया ने कहा कि वह तहरीर देंगे तो बिजली विभाग के दोषी अधिकारियों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार की रात सभी अपने घर में बैठकर टीवी देेख रहे थे। वहीं कोई मोबाइल चार्ज में लगाया हुआ था। जबकि कोई अन्य कार्य कर रहा था। रात करीब 11 बजे रामलीला मैदान के पास लगे दस केवीए के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। इसके चलते पूरे गांव में हाईवोल्टेज करेंट दौड़ पड़ा। उधर ट्रांसफार्मर में आग लगने की खबर लगने पर ग्रामीण अपने अपने घरों में जल रहे बल्ब, सीएफएल, टीबी, आदि बंद करने लगे। इसी दौरान ड्रमंडगंज देवहट निवासी सुबराती अंसारी 38 वर्ष करेंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पड़ोसी मुरैशा बेगम 26 पत्नी मजहर, गुड्डू अंसारी 35 वर्ष तथा सफाऊद्दीन 26 घायल गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी होने पर लोगों ने बिजली कटवाकर आनन फानन में दो लोगों को स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया। घटना से नाराज हुए ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे शव को ड्रमंडगंज तिराहे पर रखकर मिर्जापुर रीवा मार्ग को जाम लगा दिया। उनका कहना था कि बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर आएं और परिवार को मुआवजा दे। क्योंकि बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई हैं। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष हलिया प्रवीण कुमार सिंह ने बिजली विभाग के दोषी अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के आश्वासन पर 10.45 पर जाम खुलवाया।