पीसीएसजे में सफलता से बढ़ाया जिले का मान
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश पीसीएस-जे में अनगढ़ निवासी अमरनाथ सिंह की पुत्री कुमारी दिव्या सिंह ने 129 वीं रैंकिंग प्राप्त कर सिविल जज जूनियर डिवीजन बन कर जिले का मान बढ़ाया है। दिव्या की इस उपलब्धि पर माता पिता के साथ साथ सगे संबंधियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। परिजनों ने बताया कि दिव्या ने प्रारंभिक शिक्षा गुरूनानक इंटर कॉलेज से की है। दिव्या ने हाईस्कूल व इंटर में प्रथम श्रेणी प्राप्त किया था। इसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी में एलएलबी आनर्स उत्तीर्ण किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिजनों व गुरूजनों को दिया। इस दौरान बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। दिव्या सिंह की पीसीएसजे में 129 वीं रैंक प्राप्त करने पर विद्यालय प्रबंधन ने बधाई दी है। बधाई देने वालों में विद्यालय के अध्यक्ष जसवंत सिंह सरना, प्रबंधक जगजीत सिंह डंग व प्रधानाचार्या पूर्णिमा द्विवेदी आदि शामिल रहीं।