मिर्जापुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर रविवार को आल टीचर्स एंड इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को ज्ञापन सौंपा। भरुहना स्थित केंद्रीय मंत्री के जनसंपर्क कार्यालय पर पहुुंचे अटेवा के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि वर्ष 2005 से नियुक्त सभी विभागों के कर्मचारी, अधिकारी व शिक्षकों को पुरानी पेंशन व पारिवारिक पेंशन से वंचित कर दिया गया है। कहा गया कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए देश के सभी राज्यों के विभिन्न विभागों में कार्यरत करीब 60 लाख पेंशन विहीन कर्मचरी आगामी 26 नवंबर को संसद मार्च करेंगे। अटेवा के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि वर्ष 2005 से नियुक्त सभी विभागों के कर्मचारी, अधिकारी, शिक्षकों की मांग पुरानी पेंशन बहाली पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए प्रधानमंत्री को पुरानी पेंशन बहाली के लिए पत्र लिखकर पेंशन विहीन कर्मचारियों के हित में कार्य करें। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शशांक सिंह, महामंत्री रविंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ कंचन चौधरी, दीपक सिंह, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।