मिर्जापुर। कछवां के गड़ौली धाम में सोमवार को समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 153 जोड़ों ने एक दूसरे का हाथ थामा। मुख्य अतिथि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के विकास के लिए संकल्पित है।
उन्होंने सभी नव-वैवाहिक जोड़ों को उनके सुखद एवं सुखमय जीवन की कामना की। साथ ही प्रत्येक वर वधू को उपहार में दी जाने वाली सामग्रियों को एवं प्रमाण-पत्र वितरित किया। उन्होनें कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से गरीब परिवारों के उत्थान एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उनके लिए बहुत सी कल्याणकारी योजनायें चलायी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत ऐसे माता-पिता जो आर्थिक रूप से अपनी पुत्री की शादी करने में सक्षम नहीं है, वह सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर अपनी पुत्रियों की शादी करा पा रहे है। जिलाध्यक्ष अपना दल (एस) रामलौटल बिन्द, ब्लाक प्रमुख कोन,ब्लाक प्रमुख मझवों, ब्लाक प्रमुख सीखड़, ब्लाक प्रमुख सिटी, गड़ौली धाम के संस्थापक सुनील ओझा के साथ बड़ी संख्या में अधिकारियों ने उपस्थित होकर नव दम्पतियों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर उनके सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।