हलिया। गांवों को खुले में शौचमुक्त बनाने के लिए हर घर में शौचालय का निर्माण व ग्रामीणों को जागरूकता करने की जरूरत है। इन दोनों कामों में स्वच्छाग्रहियों की विशेष भूमिका है। शनिवार को ब्लाक सभागार में स्वच्छाग्रहियों के लिए आयोजित कार्यशाला में ये बातें वक्ताओं ने कहीं। प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक स्वच्छता विनोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा लेफ्ट आउट बेस लाइन (एलओबी) के तहत शौचालयों के निर्माण पर स्वच्छताग्राही विशेष नजर रखें। उन्होंने डोर-टू-डोर भ्रमण के साथ ही शौचालय के निर्माण व खुले में शौच न करने के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा। एलओबी के तहत आवंटित शौचालय किसी भी दशा में समय से मानक के अनुरुप तैयार कराएं। इसके अलावा गांव में महिला, पुरुष व बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हे स्वच्छता के प्रति जागरुक किए जांए। उन्होंने कहा कि विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों के अलग-अलग शौचालय होने चाहिए। सहायक विकास अधिकारी पंचायत रमेश उपाध्याय ने कहा कि स्वच्छताग्राही प्रत्येक ग्राम पंचायत में जाकर शौचालय के प्रयोग एवं विधियों को समझाते हुए उन्हें प्रेरित करें। कहा यदि इस मामले में किसी प्रकार का अड़चन पैदा हो रही है तो तत्काल कार्यालय अथवा संबंधित ग्राम पंचायत एवं विकास अधिकारियों को अवगत कराए जांए। प्रशिक्षण में विभिन्न ग्राम पंचायत से आए स्वच्छताग्राही मौजूद रहे।