मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल पांच जनवरी को जिले के विधायकों एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में काशी क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें टिकट वितरण पर भी चर्चा होगी। इस संदर्भ में शुक्रवार को नगर के पक्का पुल स्थित भाजपा कैंप कार्यालय पर जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष ने बताया कि लोहिया तालाब स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में पांच जनवरी को सुबह दस बजे से काशी क्षेत्र के 16 जिलों के क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष ने सभी मोर्चा प्रकोष्ठों व पदाधिकारियों की व्यवस्था के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, रमेश दुबे, राजेंद्र सिंह पटेल, आशुकांत चुनाहे, जयसिंह पाल, अमित सिंहा, विरेंद्र प्रताप यादव, संतोष गोयल, अंशुल मिश्रा, श्यामसुंदर केशरी, संतोष तिवारी व डाली अग्रहरि, पिंकी सिंह आदि मौजूद रहे।