मिर्जापुर। नगर के संस्कार पब्लिक स्कूल में बुधवार को भारतवर्ष में नारी सुरक्षा..विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि महिला थानाध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि वर्तमान परिवेश में महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों से कंधा से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। सभी क्षेत्रों में महिलाएं अपना योगदान कर राष्ट्र को विकसित एवं समृद्ध बनाने में अहम योगदान दे रही हैं। पिछले कुछ समय में महिलाओं के साथ उत्पीड़न जैसी घटनाओं में इजाफा हुआ है, जो चिंता की बात है। ऐसी स्थिति में महिलाओं को जागरूक होना होगा। छात्राओं को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस समाज के लिए तत्पर है। प्रमुख नंबरों में 1090 महिला सुरक्षा, 181 मोबाइल वैन पर फोन कर अपना नाम, पता व वारदात की जगह बताने पर कुछ ही देर में पुलिस आपके साथ होगी। बताया कि 100 नंबर पर भी डायल करने से पुलिस आपकी सहायता करने को पहुुंचेगी। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक अनंत राज भंडारी, प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय, निर्मला राय, भारती अस्थाना, स्नेहा यादव आदि मौजूद रहे।