मिर्जापुर। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल तथआ इंटरमीडिएट की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं आनी शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही मूल्यांकन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इस बीच उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परीक्षकाें की सूची भी जारी कर दी गई है। मूल्यांकन 16 मार्च से प्रस्तावित है। इस बार मूल्यांकन के लिए 1496 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिले में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं। महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज तथा बीएलजे इंटर कॉलेज को इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के लिए मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इसी प्रकार राजस्थान इंटर काॅलेज को हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए केंद्र बनाया गया है। इस बार हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 1056 और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं की मूल्यांकन के लिए 440 समेत कुल 1456 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। टेबल की संख्या सभी उत्तर पुस्तिकाएं आने के बाद तय की जाएंगी कि किस केंद्र पर कितने टेबल पर मूल्यांकन के कार्य होंगे। जितनी टेबल निर्धारित की जाएंगी, उसी के अनुसार डिप्टी हेड की ड्यूटी भी निर्धारित की जाएगी। पहले दिन डिप्टी हेड ही उत्तर पुस्तिकाओं का आदर्श मूल्यांकन करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए सारी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मूल्यांकन कार्य अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सीसी कैमरों की निगरानी में होगा। इसके लिए राजकीय इंटर काॅलेज में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।