मिर्जापुर। क्षेत्र में चल रहे मानक के विपरीत बगैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का अब खैर नहीं है। विकास खंड पहाड़ी में जुलाई माह से मानक के विपरीत क्षेत्र में बगैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर नकेल कसने कि तैयारी की गई है। खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र मौर्य ने बताया कि किसी न्याय पंचायत समन्वयक के न्याय पंचायत में बगैर मान्यता प्राप्त विद्यालय चलते पाए जाएंगे, उस न्याय पंचायत समन्वयक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए बगैर मान्यता के चल रहे विद्यालयों को सील कर दिया जाएगा। कहा कि क्षेत्र में शासन की मंशा के अनुरूप कार्य होगा। क्षेत्र में चल रहे अवैध विद्यालयों को बंद कराया जाएगा किसी भी दशा में बगैर मान्यता के विद्यालय नहीं चलेंगे। विकास खंड पहाड़ी में हंसवाहिनी विद्या निकेतन, सरजू प्रसाद मौर्य, चंपा देवी विद्यालय, सर्व विकास प्राथमिक विद्यालय, मां सुखदेवी विद्या निकेतन, प्रभा शिक्षा समिति, गरिमा जूनियर हाईस्कूल, एसपीटी स्कूल और हरिशंकर जन कल्याण समिति को बंद करने का नोटिस दिया गया है। विकास खंड मझवां में संचालित 19 गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद करने का निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने दिया है।