चुनार। जेपी सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों की गुरूवार की रात संगठन के नेताओं के साथ बैठक हुई।
इसमें मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाते हुए मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं को न दिये जाने के विरोध में आंदोलन की रणनीति बनाई।
फैक्ट्री में कार्य करने वाले संविदा मजदूरों ने मजदूर संगठन के नेताओं से बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन लगभग चार माह से उनसे काम नहीं ले रही है। कुछ मजदूरों को काम दिया जा रहा, लेकिन उन्हें भी बीच बीच में काम से हटा दिया जा रहा है। मजदूरों को न तो बोनस दिया जा रहा है और न ही उनके सुरक्षा से संबंधित उन्हें सामान दिया जा रहा है। संगठन के नेता अनिल सिंह व तिलकधारी ने मजदूरों से कहा कि यदि फैक्ट्री प्रबंधन संविदा मजदूरों के बारे में शीघ्र कोई निर्णय नही लेती है, तो संगठन मजदूरों की हितों को लेकर आरपार की लड़ाई लड़ेगी। इसके लिए धरना प्रदर्शन के साथ ही जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल भी करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान देवेंद्र सिंह, प्रमोद पटेल, अलाउद्दीन, राजेश मिश्रा, दिनेश चौरसिया आशीष यादव आदि मौजूद रहे।