राजगढ़। थाना क्षेत्र के पतेरी गांव से बरात दुल्हन लेने के लिए चुनार थाना क्षेत्र के शुभऊ नूनौटी गांव पहुंची। यहां जलपान के दौरान ही मारपीट हो गई। मारपीट में 14 बराती घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से चार घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराए गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर देख मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
राजगढ़ क्षेत्र के पतेरी गांव से होरीलाल आदिवासी के पुत्र की शादी चुनार थाना क्षेत्र शुबऊ नुनौटी में तय हुई। बुधवार की रात बरात पतेरी से चलकर दुल्हन लाने के लिए शुभऊ नुनौटी पहुंची। आराभगत के बाद जलपान शुरू हुआ। इसी बीच पानी पीने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी। मारपीट की इस घटना में 14 लोग घायल हो गए। इनमें से सुंदर (50), रितेश (26), रोशन (24), राजन (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया।
यहां प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख घायलों को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों में बड़का (28), बच्चा (18), नानक (30), सुंदर (42), जुलाई (40), रामविलास (55), रामजन्म (50), नानू (56), बिंदा (22), बड़का (28) शामिल हैं। इन घायलों काे प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कराकर घर भेजा गया। राजगढ़ थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने बताया कि मारपीट की घटना की जानकारी नहीं मिली है।