मिर्जापुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में स्ववित्तपोषित पाल्क संस्था की ओर से मंगलवार को लालडिग्गी स्थित रॉयल गार्डेन में अंतरराष्ट्रीय महिला सप्ताह का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला सप्ताह के दौरान सड़क से कूड़ा उठाने वाली 25 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं को सिलाई, मेहंदी, शिक्षा, खेलकूद आदि का प्रशिक्षण संस्था की ओर से दी गई। इन महिलाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाकर यह साबित किया कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाएं किसी से कम नहीं हैं, क्योंकि यह कूड़ा बिनकर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करती हैं और महिला सम्मान की मुख्य हकदार हैं। संस्था की ओर से इन सभी महिलाओं को साड़ी वितरित किया गया। इस दौरान पीयूष जायसवाल, दीपा श्रीवास्तव, तुषार विश्वकर्मा, ज्योति जायसवाल, संदीप मौर्या, पवन शर्मा, निर्जला कसेरा आदि मौजूद रहे।