मिर्जापुर। जीएसटी विजिलेंस टीम के पानदरीबा स्थित पान मसाला की फैक्ट्री में छापा मारने के बाद नगर के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुुआ है। डर है कि कुछ और कारोबारियों के यहां छापेमारी हो सकती है। टीम की कार्रवाई के बाद व्यापारी अपने-अपने रिकार्ड दुरुस्त करने में लगे हुए हैं। त्यौहार में हुई इस कार्रवाई से व्यापारी परेशान है। सूत्रों की मानें तो विजिलेंस की टीम ने पान मसाला कारोबारी से कुछ और कागजात मांगे हैं। जल्द ही टीम उन्हें मुख्यालय बुलाकर पूछताछ कर सकती है। जीएसटी विजिलेंस लखनऊ एवं नई दिल्ली की टीम ने शुक्रवार को कटरा कोतवाली क्षेत्र के पान दरीबा मोहल्ला स्थित संजीव इंटरप्राइजेज कंपनी में औचक छापा मारा था। करीब नौ घंटे तक टीम ने पूरे कंपनी को खंगालते हुए एक-एक दस्तावेज को चेक किया था। जिससे पूरे नगर के व्यापारियों में हलचल मच गई थी। सूत्रों की माने तो नगर के कुछ अन्य व्यापारियों के यहां भी छोपमारी हो चुकी है कि क्योकि टीम को कई लोगों के यहां गड़बड़ी होने की शिकायत मिली है। व्यापारियों का कहना है कि जब त्योहार का समय आता है तो टीमें छापेमारी करने निकलती है इससे व्यापारियों का बाजार खराब हो जाता है। सभी दबे जुबान से अपना विरोध जता रहे हैं लेकिन कोई खुलकर सामने नहीं आ रहा है।