शेरवां। नक्सल प्रभावित ग्रामीण क्षेत्र में बंधुआ मजदूरी, बाल मजदूरी व मानव तस्करी की रोकथाम के लिए शेरवां पुलिस चौकी प्रभारी संजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। गुरूवार को क्षेत्र के नंदपुर पुलिस चौकी के समीप से जागरूकता रैली निकाली गई। मानव संसाधन विकास व महिला विकास संरक्षण संगठन की ओर से रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। जागरूकता रैली के दौरान लोगों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूक किया गया। तीन दिवसीय जागरूकता रैली पहले दिन क्षेत्र के नंदपुर, शेरवां, भाईपुर, डूही कला होते हुए लोहराजपुर पहुंची। रैली के दौरान जगह-जगह नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। यह जागरूकता यात्रा मिर्जापुर ह्युमन लिबर्टी नेटवर्क की पार्टनर संस्था की देखरेख में निकाली गई। संस्था के जिला समन्वक प्रदीप सिंह ने बताया कि जनपद में बंधुआ मजदूरी, बाल मजदूरी व मानव तस्करी पर रोकथाम के लिए कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाजिक-चेतना की आवश्यकता है। एसटीईपीएस सिंह ने बताया कि हर साल बंधुआ मजदूरी, बाल मजदूरी, मानव तस्करी जैसा अपराध जागरूकता के अभाव में गुप-चुप तरीके से किया जाता है, जिससे बढ़ते अपराध से मानव अधिकार का हनन हो रहा है। जिस पर रोक लगने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी अभी तक ऐसे अपराध पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसे अपराध पर रोकथाम के लिए ग्रामीणों को जागरूक होना होगा। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी नक्सल क्षेत्र के लोगों को जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान रामसखी, प्यारे लाल, बुल्लू,लाल सिंह, रामआसरे, शेखर सिंह, गोविंद सिंह, कमलेश, जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे।