मिर्जापुर। सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप मिश्र ने शुक्रवार को मंडलीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच डाक्टरों को अनुपस्थित मिलने तथा अस्पताल में गंदगी फैलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लापता डाक्टरों से स्पष्टीकरण मांग कर उसकी रिपोर्ट प्रशासन को देने का निर्देश दिया। सिटी मजिस्ट्रेट शुक्रवार को दोपहर 12 बजे अचानक निरीक्षण करने मंडलीय अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पाया कि डा. विकास सिंह उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर गायब हैं। इसके अलावा डा. ओपी सिंह का भी हस्ताक्षर है लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं हैं। निरीक्षण में यह भी पाया कि डा. सौरभ गुप्ता, डा. शोएब खान आदि कुछ कर्मचारी अपने ड्यूटी पर नहीं हैं। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया तो कई स्थानों पर गंदगी मिली जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने महिला अस्पताल में भी निरीक्षण किया जहां डाक्टर उपस्थित रहे लेकिन गंदगी मौजूद रही।