जमालपुर, नरायनपुर। विकास खंड जमालपुर के प्राथमिक विद्यालय सुरहा पर शनिवार को ड्रेस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने बच्चों को नया ड्रेस का वितरण किया। नया ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। मड़िहान विधायक ने कहा कि शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें। बच्चे ही देश का भविष्य होते हैं। उनकी शिक्षा से किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के अंदर समानता का भाव पैदा करें जिससे उनको समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को यह महसूस होना चाहिए कि नये ड्रेस में हम अच्छे लग रहे है। इसके पूर्व दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना व स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में विधायक ने रक्तदान भी किया। इस दौरान सूर्यबली सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं नरायनपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर में जिला पंचायत सदस्य अंजन सिंह ने 73 बच्चों को यूनिफार्म का वितरण किया। इस दौरान सुमित जायसवाल, राजकुमारी जायसवाल, दिलीप जायसवाल, वंदना सिंह, ओम प्रकाश विश्वकर्मा, सुभाष प्रसाद आदि मौजूद रहे।