मिर्जापुर। भरुहना स्थित विंध्यवासिनी महाविद्यालय में शनिवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बीए, बीकॉम एवं बीएससी की छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष कमा देवी की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर वाहवाही लूटी और इनाम भी जीते। प्रतियोगिता में हिबिस्क ग्रुप जिसमें बीकाम की छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर रंगोली बनाई, जिसे प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार सन फ्लावर ग्रुप को मिला, जो बीए तृतीय वर्ष की छात्राओं को प्रदान किया गया। तृतीय स्थान लिली ग्रुप को मिला, जिसमें बीए प्रथम वर्ष एवं ट्युलिप ग्रुप की छात्राएं शामिल रहीं। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। इस दौरान महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार सेठी, रमेश मालवीय, अजिता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं