मिर्जापुर। भारतीय खाद्य निगम एफसीआई में सीएमआर चावलों का भंडारण शुुरू हो गया है। जिससे केंद्रों पर पड़े धानों के उठान में तेजी आएगी। भंडारण व्यवस्था को लेकर संभागीय खाद्य नियंत्रक विंध्याचल रवि कुमार ने मंगलवार को गोदामों का निरीक्षण शुरू किया। पहले दिन आरएफसी ने गोदाम सुखवीर और मारतंड प्रताप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भंडारण व्यवस्था और क्षमता का निरीक्षण किया। डिपो प्रबंधक रविकांत ने आरएफसी को बताया कि भारतीय खाद्य निगम पीईजी सुखवीर एग्रो गोदाम के गोदाम की भंडारण क्षमता 30 हजार एमटी तथा मारतंड प्रताप गोदाम की भंडारण क्षमता दस हजार एमटी है। निरीक्षण के दौरान आरएमओ सचिन कुमार ने आरएफसी को बताया कि विभिन्न क्रय संस्थाओं की 30 लाट सीएमआर डंप है। मौके पर सीएमआर का जांच कराया, जो गुणवत्तापूर्ण मिला। इसके बाद मौके पर ही सीएमआर के बोरों का वजन भी कराया गया, बोरे भी निर्धारित मानक के अनुरूप मिले। आरएफसी ने डिप्टी आरएमओ रतन कुमार शुक्ला और डिपो प्रबंधक को निर्देश दिया कि सीएमआर का भंडारण ससमय और यथा स्थान सुरक्षित कराएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। उन्होंने कहा कि चावल मिलरों का किसी प्रकार शोषण नही होने पाए। किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।