अदलहाट। लद्दाख की बर्फीली चोटी के 18 हजार फीट की ऊंचाई पर देश का तिरंगा झंडा फहराने वाली काजल पटेल के आवास हिनौती माफी गांव में शनिवार को सायंकाल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने स्मृति चिन्ह एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। समारोह के विशिष्ट अतिथि विधायक रमाशंकर सिंह पटेल रहे। अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्टीय मुख्य महासचिव राजेंद्र प्रसाद शास्त्री तथा संचालन हरिशंकर सिंह ने किया। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि हिनौती माफी गांव की काजल पटेल एक ऐसी बेटी है, जिसने गांव व जिला ही नही बल्कि प्रदेश व देश का सर ऊंचा किया है। काजल के प्रतिभा व लगन की प्रशंसा जितनी की जाय वह कम है। उन्होंने ने काजल पटेल को सरकारी सहायता दिलाने की बात कही। समारोह को राज बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान अली जमीर खां, मंसाराम सिंह, राधेश्याम, काशी नाथ सिंह, शिव कुमार, चंद्र भान सिंह, अमित पान्डेय, संजय श्रीवास्तव, हरिचरन सिंह, सुनिल पटेल, सुरेंद्र सिंह आदि रहे।