भारतीय किसान यूनियन (भानु) के सदस्यों का तहसील मुख्यालय चुनार पर किसानों की समस्याओं को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। धरना के माध्यम से किसानों ने सरकार से कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर सात पर किसानों की जो भूमि अधिग्रहीत की गयी है, उसका मुआवजा आबादी सर्किल रेट का चार गुना दिया जाय तथा वाराणसी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले भूमि का जब तक मुआवजा किसानों को भुगतान नहीं किया जाता, तब तक सीपीडब्ल्यूडी को निर्माण करने से रोका जाय। किसानों ने कहा कि जनपद को पूर्ण रूप से सूखाग्रस्त घोषित किया जाय। यदि सरकार किसानों की समस्याओं को नजर अंदाज करती है तो किसान आगे और बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। तीसरे दिन आयोजित प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष अली जमीर खान, धर्मदेव उपाध्याय, करुणा शंकर शुक्ल, मुकुटधारी, राजाराम, सुरेश सिंह, दीनानाथ सिंह, आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन फणींद श्रीवास्तव ने किया।