हलिया। स्थानीय थानांतर्गत बेलन नदी के गढवा घाट पर स्नान करते समय गुरुवार को एक किशोर उफनाई नदी की तेज धारा में बह गया । सूचना मिलते ही गांव के लोगों ने नदी में दूर तक लापता किशोर की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं लग सका। हलिया थाना क्षेत्र के गढवा गांव निवासी लालचंद कहार का 16 वर्षीय पुत्र रोहित गुरुवार को पूर्वाह्न साढ़े दस बजे गांव के सामने बेलन नदी के स्नान घाट पर नहाने गया था । नहाते समय रोहित पैर फिसल जाने के कारण तेज धारा में बह गया । उस समय गांव की एक महिला भी थोड़ी दूर किनारे पर मौजूद थी । उसके शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे । मौके पर पहुंचे कुछ साहसी युवक तुरंत नदी में कूद पड़े, लेकिन पानी के तेज बहाव में वे सब रोहित का पता नहीं लगा सके । उधर सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हलिया भी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए । मौके पर पहुंच कर थानाध्यक्ष ने मेजा डैम के कर्मचारियों से फाटक बंद करने को कहा। साथ ही तहसील व जिला प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई है । उधर बेलन बरौधा चौकी पुलिस तथा वहां तैनात सिचाई कर्मियों को भी बरौधा में बेलन नदी पर बने पिकप बियर पर निगरानी करने को कहा गया है। खोजबीन के लिए जिला मुख्यालय से गोताखोर व महाजाल मंगाने की भी तैयारी की जा रही थी ।