चुनार। स्थानीय मछुवारा समाज के लोगों ने बुधवार को बालूघाट स्थित गुहराज निषाद पार्क में मछुवारा आरक्षण हुंकार जनाक्रोश यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने मछुवारा समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मछुआरा समाज के विकास पर किसी भी सरकार ने अबतक ध्यान नहीं दिया। समाज के लोगों को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने की मांग वर्षों से चली आ रही है। सत्ता में आने से पूर्व हर सरकार मछुआरों को आरक्षण देने का आश्वासन देती है लेकिन सत्ता मिलने पर वह अपने वायदे को भूल जाती है। समाज के लोगों से आह्वाहन किया कि अगर मछुवारा समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा चाहिए तो उन्हें अपने अधिकार को पाने के लिए एकजुट होकर सरकार को अपनी शक्ति का एहसास कराना होगा। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव रमेश निषाद, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार निषाद, मंडल अध्यक्ष अशोक निषाद, ब्लाक अध्यक्ष गणेश प्रसाद, नगर अध्यक्ष श्यामबाबू निषाद आदि मौजूद रहे।