जिगना। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत कुमार तिवारी ने गुरुवार को छानबे क्षेत्र के धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। धान खरीद की तैयारियों का जायजा लेने के साथ उन्होंने सभी जरूरी सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया। भटेवरा पहुंचे विपणन अधिकारी ने धान खरीद की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही केंद्र पर मौजूद तराजू, बोरा, पंखा, झरनी, आदि की छानबीन की। इसके अलावा उन्होंने भटेवरा के अलावा साधन सहकारी समिति नौगांव व बौड़ई निरीक्षण किया। बौड़ई में सचिव हड़ताल पर बताए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर आने वाले किसानों के सुविधाओं का ध्यान रखे जाने के साथ ही उनके पीने के लिए पानी व बैठने की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। गैपुरा में निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि तिलई मौआर के त्रिलोकीनाथ व गोनौरा के किसान शोभापाल नबंर के लिए पहुंचे थे। गोदाम प्रभारी रामकृष्ण दुबे ने बताया कि अभी तक मिल मालिको ने एग्रीमेंट नहीं किया है। धान खरीद कर रखने की समस्या बताई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों के मोबाइल नंबर लेकर सूचना देने की बात कही।