क्षेत्र पंचायत हलिया की बुधवार को हुई बैठक में वर्ष 2018 /19 में मनरेगा द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए 11 करोड़ 73 लाख रुपये का बजट प्रस्ताव पास किया गया । बैठक के दौरान क्षेत्र में हो रहे योजनागत विकास कार्यों की समीक्षा की गई । खंड विकास अधिकारी सुदामा सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान पिछली कार्यवाही पढ़ कर सुनाई गई । बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मनरेगा के स्वीकृत बजट में से चार करोड़ 73 लाख सामग्री पर तथा सात करोड़ मजदूरी में खर्च होगा । बताया गया कि व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायतें नौ करोड़ 94 लाख खर्च करेंगी । जिसमे सामग्री मद में तीन करोड़ 97 लाख रुपये और मजदूरी मद में पांच करोड़ 97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे । कार्यदायी संस्था भू संरक्षण, वन विभाग तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा भी क्षेत्रीय विकास के लिए दो करोड़ रुपये खर्च किए जा सकेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या वाले गांवों के प्रतिनिधि व कर्मचारी अभी से सजग रह कर कार्य करें, जिससे पेयजल की समस्या का समाधान समय से पहले किया जा सके । बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश दूबे ने सदन में सदस्यों की समस्याओं को रखा । उन्होंने क्षेत्र पंचायत के विकास के लिए धनराशि बढ़ाने की मांग की । बैठक में क्षेत्र पंचायत हलिया के प्रशासक एसडीएम लालगंज लल्लन राम दुर्गम सड़क मार्ग के चलते विलंब से पहुंचे । इस अवसर पर एडीओ आई एस बी अरुण कुमार सिंह, एकाउंटेंट विमलेश मिश्र, अरुण मिश्र, लक्ष्मी प्रसाद, रणजीत सिंह, जितेंद्र अग्रहरी, अरविंद सिंह, गुलबहार अली विमल कुमार, लक्ष्मी अग्रहरी, आदि उपस्थित रहे ।