सीमांचल एक्सप्रेस से चेकिंग के दौरान जीआरपी की टीम ने बाल मजदूरी के लिए ले जाए जा रहे 10 बच्चों को बरामद कर चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। दो आरोपियाें को हिरासत में ले लिया है।
बचपन बचाओ आंदोलन मुगलसराय संस्था से जीआरपी को सूचना मिली। जिसके बाद उप निरीक्षक संदीप कुमार बचपन बचाओ आंदोलन मुगलसराय की चंदा गुप्ता के साथ गाडी संख्या 12487 सीमांचल एक्सप्रेस मिर्जापुर पहुंचने पर प्लेटफार्म तीन पर चेकिंग की। जनरल कोच में नाबालिग बच्चे दो व्यक्तियों के साथ संदिग्ध हालत में मिले।
प्रारंभिक पूछताछ करने पर पता चला कि बच्चों को बाल मजदूरी के लिए फिरोजाबाद ले जाया जा रहा था। मामला संदिग्ध पाये जाने पर सभी नाबालिग बच्चों को दोनों व्यक्तियों के साथ गाड़ी से उतारा गया। सभी बच्चे बिहार के निवासी हैं। दोनों व्यक्तियों सद्दाम हुसैन निवासी कायमी थाना कसबा जिला पूर्णिया बिहार व खुर्शीद अनवर निवासी भमरा पश्चिम टोला थाना कसबा जिला पूर्णिया को हिरासत में लिया गया।
जीआरपी प्रभारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ व जांच में पाया गया कि दोनों व्यक्ति सभी नाबालिग बच्चों को कांच की चूडियों का काम कराने के लिए कावेरी चूडी कंपनी, नूरी नगर, फिरोजाबाद लेकर जा रहे थे। उन 10 नाबालिग बच्चों को जिला बाल संरक्षण इकाई मिर्जापुर के सदस्यों सौंपा गया।