बाइक की टक्कर से युवक की मौत
दौराला। मटौर गांव के सामने शनिवार देर रात हाईवे पर बाइक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मटौर गांव निवासी विशंभर व रोशन शनिवार देर रात मटौर गांव के सामने हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान खतौली की ओर से आई एक बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। बाइक सवार भाग निकला, जबकि विशंभर व रोशन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों को लेकर अस्पताल जा रही थी। रास्ते में विशंभर ने दम तोड़ दिया। वहीं, रोशन को गंभीर हालत में मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विशंभर की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के भतीजे रवि ने दौराला थाने में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ तहरीर दी है। संवाद