मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शिवपुरम फाटक के पास एक युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह मालगाड़ी दिल्ली से मेरठ की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक रेलवे ट्रैक पर पहले ही लेट गया था, जिसे देखकर लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन रोक दी।
ट्रेन के रुकने के बाद लोको पायलट और रेलवे कर्मी नीचे उतरे और युवक को समझाया। उसे ट्रैक से हटाया गया और डांट-फटकार कर मोहकमपुर की ओर भेजा गया। कुछ देर के लिए स्थिति सामान्य हो गई थी, मगर जैसे ही मालगाड़ी फिर से आगे बढ़ी, युवक अचानक वापस दौड़ा और चलती ट्रेन के नीचे कूद गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। हादसे के चलते कुछ देर रेलवे संचालन भी प्रभावित रहा।