माछरा। किठौर थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर में एक युवक के साथ मारपीट किए जाने पर पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित राजीव पुत्र योगेंद्र ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर से घेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव निवासी रविंद्र से उसका सामना हुआ। रविंद्र ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई की गई और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर आरोपी मौके से भाग गया। सीओ किठौर का कहना है कि राजीव कुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।