मेरठ। लिसाड़ीगेट क्षेत्र में शनिवार को मारपीट का वीडियो बना रहे युवक के साथ मारपीट की गई। आरोपी युवक के गले में पड़ी सोने की चेन भी लूटकर ले गए। ब्रह्मपुरी क्षेत्र के बागपत गेट निवासी आसिफ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार सुबह वह स्कूटी से जाकिर कॉलोनी जा रहा था। रास्ते में तिरंगा गेट के सामने भारत पेट्रोल पंप पर कुछ लोगों में मारपीट हो रही थी। वह रुककर मारपीट का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि मारपीट कर रहे युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसे जमकर पीटा। उसका गला भी दबा दिया। आरोपी उसके गले से सोने की चेन तोड़कर ले गए। सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद