दौराला। खतौली के टिटौड़ा निवासी विकास ने मंडौरा निवासी अपने दो सालों और उनके दो दोस्तों पर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है।
विकास ने दौराला थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि बीती 16 जून को वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था। बताया कि उसकी पत्नी का अपनी छोटी बहन से विवाद हो गया, जिस पर उसने दोनों में बीच बचाव कराया। आरोप है कि इस दौरान उसके दोनों सालों ने अपने दो दोस्तों के साथ उसे पीछे से पकड़ लिया और उसे घायल कर दिया। पीड़ित ने निजी अस्पताल में उपचार कराया। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि जांच कराई जाएगी।