रात को कटी बिजली तो नपेंगे कर्मी
मेरठ। राम मंदिर निर्माण के लिए बुधवार को होने जा रहे भूमि पूजन की खुशी में जहां शहरवासियों ने दिवाली मनाने की तैयारी की है वहीं पीवीवीएनएल ने भी निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए कमर कस ली है। मुख्य अभियंता ने रात को बिजली कटने पर जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। बुधवार को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्म भूमि पर राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन होना है। इसकी खुशी में लोग कई दिन से तैयारी में जुटे है। सभी लोग अपने घरों को दीपों से जगमगाएंगे। शहरवासियों के साथ ही बिजली विभाग ने भी शहर को जगमग रखने के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी की है। मंगलवार को मुख्य अभियंता मेरठ जोन एसबी यादव ने सभी अधिशासी अभियंताओं को रात में निर्बाध आपूर्ति कराने के निर्देश दिए। कहा कि अगर कहीं पर भी किसी ठोस कारण के बिजली कटने की शिकायत दर्ज हुई तो वहां के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। फाल्ट होने की स्थिति में उन्हें तुरंत अटेंड कराकर आपूर्ति बहाल करनी है।