मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से छह फरवरी को इलाज के लिए निकली एक महिला लापता हो गई। पति ने एक महिला पर पत्नी को गायब करने का आरोप लगाया है। साथ ही बताया कि पत्नी घर से लाखों रुपये के जेवर और नगदी भी ले गई है। सरधना सड़क स्थित गणपति एन्क्लेव निवासी लटूर ने बुधवार को थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी छह फरवरी को अस्पताल जाने के लिए निकली थी लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। बाद में अलमारी जांच करने पर पांच लाख रुपये के जेवर और 50 हजार रुपये नगदी गायब मिले। पति ने आरोप लगाया कि उनके घर आने वाली एक महिला ने उनकी पत्नी को गायब किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुलिस की एक टीम महिला की तलाश कर रही है।