उत्तर प्रदेश के शामली में मोहल्ला धीमानपुरा में गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पिकअप से कुचलकर महिला सफाई कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने मार्ग जाम कर मुआवजे की मांग की। पांच घंटे बाद अधिकारियों और एमएलसी विरेंद्र सिंह के आश्वासन पर जाम खोला।
जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला बड़ीआल निवासी नगरपालिका की सफाई कर्मचारी भूरिया (52) सुबह करीब साढ़े पांच बजे धीमानपुरा में सफाई कार्य कर रही थी। उसी दौरान विपरीत दिशा से आई तेज रफ्तार पिकअप महिला को कुचलते हुए दुकान में घुस गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चालक पिकअप को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर सफाईकर्मचारी मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: UP: जम्मू कश्मीर में तैनात मेरठ का लाल शहीद, अंतिम संस्कार में उमड़ा पूरा गांव, बेटे ने दी मुखाग्नि
सफाईकर्मचारियों और मोहल्लेवासियों ने घटना पर रोष व्यक्त करते हुए मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पर एसडीएम सदर विशु राजा, सीओ सिटी जितेंद्र कुमार और कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मुआवजा मिलने तक जाम खोलने से इनकार कर दिया।
करीब पांच घंटे बाद भाजपा एमएलसी विरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने भी अपने स्तर से आर्थिक मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खोला गया। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा।