संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। वेदव्यासपुरी योजना से जुड़ी वृद्ध किसान महिला 90 वर्षीय शांति देवी निवासी पूठा की सोमवार देर रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को किसान राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के साथ मुआवजे की प्रक्रिया के संबंध में मीटिंग करने पहुंचे थे। इसके बाद जब किसान गांव पहुंचे तो महिला ने किसान नेताओं से मुआवजा मिलने की प्रक्रिया के बारे में पूछा। एक किसान ने कहा कि मुआवजा मिलने की उम्मीद खत्म हो चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक यह सुनने के बाद महिला का हार्ट अटैक आ गया। इससे उनकी मौत हो गई। वेदव्यासपुरी योजना से जुड़े पुठा, कुंडा, डूंगरावली और मालियाना सहित कई गांवों के काफी किसान महिला के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। बता दें कि किसान मेरठ मंडपम स्थल पर आठ महीने से धरने पर बैठे थे। किसान नेता सुभाष प्रधान ने बताया कि मेडा अधिकारियों के साथ बढ़े प्रतिकर के तहत मुआवजे की मांग को लेकर किसान मेरठ मंडपम स्थल पर आठ महीने तक किसान धरने पर बैठे रहे। मेडा अधिकारियों और राज्य मंत्री डॉ सोमेन्द्र तोमर के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त भी किया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया। संबंध में सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश का कहना है कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है, ना ही परिजनों ने परतापुर थाने में कोई सूचना दी है।