लावड़ (मेरठ)। मीठेपुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर बाइक व स्कूटी की भिड़ंत में गंगेरू जिला शामली निवासी 52 वर्षीय शकीला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर अपने गांव चले गए। बेटे फैजान के साथ शकीला मंगलवार सुबह कस्बे में अपने मायके आई हुई थी। दोपहर के समय बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर वह लौट रही थी। मीठेपुर मार्ग पर स्कूटी से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक स्कूटी छोड़कर भाग निकला। बेटा फैजान मां शकीला को लेकर मेरठ स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंचे और बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर गंगेरू के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने इस मामले में अनभिज्ञता जताई है।