सरधना। नाली में कूड़ा डालने का विरोध करने पर आरोपियों ने एक महिला की पिटाई कर दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के पुत्र ने थाने में तहरीर दी है। नई बस्ती निवासी मोनू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी आए दिन उनके घर के बाहर नाली में कूड़ा डाल देते हैं, जिससे पानी की निकासी बाधित हो जाती है। मंगलवार शाम उनकी मां मीना ने नाली की सफाई की थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्होंने उसकी मां को गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर उन्होंने मां के साथ मारपीट की और किसी से शिकायत करने पर हत्या की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।