सरधना (मेरठ)। थाना सरूरपुर क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग में दहेज को लेकर पति ने पत्नी पर फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी मिलने पर विवाहिता के मायके वाले पांचली बुजुर्ग पहुंचे तो ससुराल पक्ष ने उन्हें भी बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मायके वालों को बंधन मुक्त कराकर घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया।
इब्राहिम निवासी निडोरा जिला गाजियाबाद ने बताया कि उसकी बेटी रहिला की शादी पांचली बुजुर्ग गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। सोमवार शाम भी पति ने मायके से दहेज में पांच लाख लाने की मांग की और राहिला के साथ मारपीट कर उसे भूखा रखा। मंगलवार सुबह गाली गलौज के दौरान महिला ने विरोध किया तो पति ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें राहिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना पर इब्राहिम बेटी की ससुराल पहुंचा तो महिला के ससुराल पक्ष ने मायके वालों को बंधक बनाकर अभद्रता की। मायके वालों को बंधक बनाने की सूचना मिलने पर सरूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के परिजनों को बंधनमुक्त कराया और घायल को सरूरपुर सीएचसी में भर्ती कराया, उसे गंभीर हालत में मेरठ में रेफर कर दिया। इब्राहिम ने पति सहित कई ससुरालियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्र का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।