फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेस्ट यूपी की खास खबरें: जयंत का मुस्लिम दांव, शादी में सेना के जवान की मौत, उजैद जम्मू रवाना

Thu, 26 Nov 2026 06:58 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

वेस्ट यूपी में जयंत सिंह के मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने के बयान से सियासी चर्चा तेज हुई। काशी टोल पर वकीलों का प्रदर्शन, शादी में सेना के जवान की मौत और उजैद को जम्मू ले जाने समेत पढ़ें प्रमुख खबरें।
विज्ञापन
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जयंत का मुस्लिम दांव: सिवालखास, थानाभवन और बागपत पर नजर

रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने संबंधी बयान के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। जयंत ने कहा है कि मुस्लिम समाज के लोगों को भी चुनाव लड़ने का अधिकार है और उनकी पार्टी उन्हें टिकट देगी।

इसके बाद मेरठ की सिवालखास, शामली की थानाभवन और बागपत सीट पर संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इन सीटों पर पहले रालोद के टिकट पर मुस्लिम उम्मीदवार चुनाव जीत चुके हैं। बयान का असर भाजपा के टिकट समीकरणों पर भी पड़ सकता है।

काशी टोल पर वकीलों का प्रदर्शन, लेन फ्री कराने का दावा

मेरठ में काशी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की और मारपीट के विरोध में वकीलों ने कचहरी में प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिवक्ता काशी टोल प्लाजा पहुंचे और विरोध जताते हुए 14 लेन फ्री करा दीं।

शादी में डांस करते वक्त सेना के जवान की मौत

सहारनपुर के नागल क्षेत्र में चचेरे भाई की शादी में शामिल होने आए सेना के जवान दुष्यंत कुमार (32) की मंगलवार रात मौत हो गई। वह पत्नी के साथ बरात में डांस कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गिर पड़े। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं।

एनएएस कॉलेज में खेलकूद प्रतियोगिता

मेरठ के एनएएस कॉलेज में सात दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के दौरान 200 मीटर दौड़ में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अंकित हत्याकांड: पत्नी ने इंसाफ की गुहार लगाई

शामली के हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में उनकी पत्नी सीमा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि पति की हत्या के बाद उनकी जिंदगी उजड़ गई है और दो महीने से उन्हें जांच की प्रगति की जानकारी नहीं मिली। सीमा ने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होंगी, लेकिन आखिरी सांस तक केस को दबने नहीं देंगी।

वहीं, हत्याकांड में एक लाख रुपये के इनामी शूटर सत्यम कादियान के नाम से संचालित सोशल मीडिया आईडी पर जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल हुआ है।

गठबंधन पर तकरार: शायान मसूद का बयान

सपा नेता और सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बयानबाजी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण भाजपा को हराना और संविधान को बचाना है। शायान ने टिकट घोषित होने के बाद नाराजगी जताने और ऐसे बयान देने पर भी सवाल उठाए, जिनसे गठबंधन कमजोर हो सकता है।

इमरान मसूद ने सीटों के बंटवारे पर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बयानबाजी जारी है। कांग्रेस के 60 सीटों पर समझौता करने की खबरों पर सांसद इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में कांग्रेस के चुनाव लड़ने का क्या मतलब रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी का अस्तित्व कायम रखना और उसे मजबूत करना जरूरी है। सपा के घोषणापत्र के निमंत्रण और उम्मीदवारों की सूची को लेकर भी मसूद ने गठबंधन की प्रक्रिया पर सवाल किए।

उजैद को जम्मू ले गई पुलिस

पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से संपर्क के मामले में गिरफ्तार मेरठ निवासी उजैद कुरैशी को बुधवार शाम जम्मू पुलिस अपने साथ ले गई। कोर्ट में पेशी के बाद शाम करीब पांच बजे पुलिस उसे वैन से जम्मू के लिए रवाना हुई। इस दौरान उसकी मां आसमा रोते हुए बेटे से मिलने की गुहार लगाती रही, लेकिन पुलिस ने मुलाकात नहीं कराई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें