किठौर। मुजफ्फरनगर में खतौली बाईपास पर हादसे में हुई गांव छुछाई निवासी एक महिला समेत तीन लोगों की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना पीडितों के घर की और दौड़ पड़ा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी एक-दूसरे से हादसे के बारे में जानकारी लेते रहे।
बताया जा रहा है कि पड़ सोहनवीर बच्चों व मां राजेश देवी के साथ कार में सवार होकर मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। उनके साथ पड़ोसी अंकित भी था, जो कार चला रहा था। खतौली बाईपास पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ा, जिससे यह हादसा हुआ। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किस कार्य से जा रहे थे। गांव छुछाई के लोगों को जब हादसे में गांव के तीन लोगों के मारे जाने की सूचना मिली तो उनमें शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि सोहनवीर फौज में था।
करीब 10 दिन पूर्व ही सेना से छुट्टी लेकर गांव में आया था। हादसे के बाद सोहनवीर के बड़े भाई विदेश का रो-रोकर बुरा हाल रहा। खतौली पुलिस ने मृतकों के शव मोर्चरी में भिजवा दिए हैं। रविवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम होगा। वहीं, हादसे की सूचना के बाद परिजन भी खतौली के लिए रवाना हो गए।