‘हम बेरोजगार हो गए हैं, हमारी नियुक्ति कराएं’
मेरठ। मेडिकल कॉलेज में कार्यरत रहे वार्ड ब्वाय और वार्ड आया की मेडिकल कॉलेज से सेवा समाप्त कर दी गई है। इससे आहत होकर रविवार को वे कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि उन सभी ने कोरोना काल में कार्य किया है। इसका मेडिकल कॉलेज से कोविड लेटर भी मिला है। लेकिन इसके बावजूद सेवा समाप्त कर दी गई है। अब वे बेरोजगार हो गए हैं। आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि उनका पंजीयन सेवायोजन विभाग में है। लिहाजा आने वाली कंपनी में उनकी नियुक्ति लिखित रूप से सुनिश्चित की जाए। पुलिसकर्मियों ने उनसे ज्ञापन ले लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को देने का आश्वासन दिया। वहीं, मेडिकल कॉलेज में संविदा पर कार्य कर रहे स्टाफ का वेतन भी कई महीने से रुका हुआ है। उन्होंने वेतन दिलाने की मांग की है।