डीजल, पेट्रोल एवं गैस की लगातार बढ़ रही कीमतों से नाराज उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल की जिला इकाई के बैनर तले व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजकुमार त्यागी ने कहा कि डीजल, पेट्रोल एवं गैस की कीमतों में निरंतर हो रही बढ़ोतरी के कारण व्यापारी वर्ग और आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ने से फैक्ट्री में बनने वाली प्रत्येक वस्तु का मूल्य बढ़ जाता है और साथ ही ट्रांसपोर्ट का भाड़ा भी बढ़ जाता है। जिसका असर आम आदमी पर पड़ रहा है। संगठन के प्रांतीय महामंत्री लोकेश अग्रवाल ने कहा कि पिछले दो माह में की गयी बढ़ोतरी निंदनीय है। व्यापारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री से डीजल, पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमत वापस लेने की मांग की। इस दौरान शैवाल दुबलिश, रामअवतार बंसल, अतुल्य गुप्ता,मुकेश गर्ग, इसरार सिददीकी, अमित कंसल, सुनील वर्मा, शंशाक शर्मा आदि रहे।