मुंडाली। मुंडाली थाना पुलिस ने गांव रछौती निवासी विकास उर्फ विकास गौतम को गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर किया। उसे चार माह के लिए जनपद मेरठ की सीमा से बाहर किया गया। यह कार्रवाई उसकी आपराधिक गतिविधियों व आमजन में भय फैलाने के कारण हुई। पुलिस ने आरोपी को आदेश का पालन करने की हिदायत दी। पालन न करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने विकास गौतम के निवास पर आदेश पढ़कर सुनाया। इसके बाद उसे हापुड़ जिले के थाना बाबूगढ़ क्षेत्रांतर्गत चौकी मुदाफरा के पास छोड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गतिविधियां लगातार संदिग्ध बनी हुई थीं।