मुजफ्फरनगर। कूकड़ा क्षेत्र में बाइक सवार युवकों ने एक युवक की लाठी डंडों से पिटाई की। कई राउंड हवाई फायरिंंग भी की गई। आरोपी युवक पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। घटना की वीडियो वायरल हुई है। बुधवार देर शाम कूकड़ा क्षेत्र में बजाज प्लेटिना एवं बुलेट बाइक सवार आठ युवकों ने एक युवक की पिटाई की। शोर मचाने पर मौके पर लोग एकत्र हो गए। जान बचाने के लिए युवक तुलसी पार्क गली-2 में घुस गया। लेकिन हमलावर भी वहां जा पहुंचे। रुमाल व मफलर से चेहरों को ढके युवकों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। कुछ युवकों ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया तब हमलावर युवक पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। पूरी घटना कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। किसी ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। सूचना पाकर नई मंडी पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है। सीओ नई मंडी रुपाली राय ने बताया कि वीडियो के आधार पर युवकों की तलाश की जा रही है।