मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) का कायाकल्प किया जा रहा है। आर्ट गैलेरी के साथ ही बाहर फुटपाथ भी बनाया जा रहा है। फुटपाथ पर कृत्रिम घास लगाने की शिकायत मंगलवार को उपाध्यक्ष को मिली। इसके बाद उन्होंने मौके का निरीक्षण किया तो कृत्रिम घास लगाई जा रही थी। उन्होंने इसे हटाकर प्राकृतिक घास लगाने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि फुटपाथ उच्च स्तर का बनाया जा रहा है। इसमें जमीन के अंदर लाइटिंग होगी और घास लगाई जाएगी। बीच-बीच में टाइल्स पत्थर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रीनरी और लाइटिंग के साथ इसे विशेष लुक दिया जाएगा। इसका काफी हद तक काम पूरा कर लिया गया है। उपाध्यक्ष ने बताया कि कृत्रिम घास लगाने की शिकायत मिली थी। जिस पर निरीक्षण किया गया तो शिकायत सही मिली। ऐसे में अब कृत्रिम घास को हटाकर प्राकृतिक घास लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
हापुड़ रोड पर शुरू हुआ समतलीकरण
हापुड़ अड्डे से बिजली बंबा बाईपास तक चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। बिजलीबंबा बाईपास के पास से हापुड़ चुंगी ओर पहले चरण में काम किया जा रहा है। अभी जेसीबी से खुदाई कर चौड़ीकरण किया जा रहा था। मंगलवार से समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। बुलडोजर से समतलीकरण के बाद छिड़काव का काम किया जा रहा है। अफसरों के मुताबिक सप्ताहभर में समतलीकरण का काम पूरा हो जाएगा।