माछरा। किसान सेवा समिति खंद्रावली पर सभापति पद के लिए सुभाष त्यागी का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने पर हंगामा हुआ। उन्होंने फोन पर एसडीएम मवाना और डीएम को राजनैतिक दबाव में नामांकन पत्र निरस्त करने की सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसान सेवा समिति खंद्रावली पर सभापति पद के लिए अशोक कुमार एवं सुभाष त्यागी ने अपने नामांकन पत्र भरे थे। प्रथम सूची में दोनों के नाम की सूची चस्पा की गई। परंतु नामांकन पत्रों की जांच में सुभाष का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने पर जमकर हंगामा हो गया। किठौर थाना पुलिस पहुंची तथा मामला शांत कराया। सुभाष त्यागी का आरोप है कि निर्वाचन अधिकारी एवं समिति ने सांठगांठ करके सुभाष त्यागी का नामांकन पत्र निरस्त किया है, जिससे अशोक कुमार निर्विरोध सभापति चुने गए।
सुभाष त्यागी ने कहा कि वह न्यायालय में जाएंगे। उधर निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार का कहना है कि नामांकन पत्र पर ओवर राइटिंग थी, जिस कारण पर्चा निरस्त किया गया। देर शाम खंद्रावली के ग्रामीण भाजपा के पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी के यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि पर्चे पर कोई ओवर राइटिंग नहीं की थी। निर्वाचन अधिकारी व समिति सचिव ने ही ओवर राइटिंग की और पर्चा निरस्त कर दिया।